इलाके के बड़ागांव में ढिबरी से एक छप्पर में आग लग गई। उस समय सिर्फ बच्चे घर पर थे, जिससे कोई सामान नहीं बचाया जा सका। बच्चों को पड़ोसियों ने किसी तरह बचाया। अग्निकांड में हजारों के नुकसान का अंदाजा लगाया जा रहा है।
बृहस्पतिवार की रात बड़ागांव निवासी खलील के छप्पर में आग लग गई। बताया गया है कि उस समय खलील और उसकी पत्नी घर पर नहीं थे वहां सिर्फ बच्चे ही थे। आग ढिबरी से लगी और पूरे छप्परनुमा घर को अपनी चपेट में ले लिया। घर से बच्चों को पड़ोसियों ने किसी तरह बाहर निकाला। अग्निकांड में छप्पर में रखे करीब चार हजार नकद और तमाम सामान जलकर राख हो गया। सूचना राजस्व विभाग को दे दी गई है।
बांकेगंज। गांव हरीपुर निवासी विकलांग रामकिशुन के घर में पड़ा छप्पर शुक्रवार दोपहर अचानक जलने लगा। रामकिशुन और उसकी पत्नी ने किसी तरह अपनी और बच्चों की जान बचाई। आग से रामकिशुन के घर में रखा कीमती सामान, रजाई, गद्दे तीन हजार रुपये जलकर गए। ग्रामीणों ने आग देखकर उसे काबू किया। रामकिशुन ने इसकी सूचना ग्राम प्रधान विजय लक्ष्मी गौतम सहित तहसील कर्मियाें को भी दी है।