तेंदुए की निगरानी के लिए कैमरा लगाते वनकर्मी
लखीमपुर खीरी। थाना ईसानगर क्षेत्र में कैरातीपुरवा के राम लखन की आठ वर्षीय पुत्री सहेली की जान लेने वाले हिंसक तेंदुए की धरपकड़ तेज हो गई है। वन विभाग ने तेंदुए की निगरानी के लिए छह कैमरे लगाए हैं। पिंजड़ा भी लगाया गया है। सोमवार को वन विभाग के अधिकारियों ने न सिर्फ सहेली के पिता को सहायता राशि प्रदान की, बल्कि ग्रामीणों को तेंदुआ की दहशत से मुक्त कराने का आश्वासन भी दिया।
धौरहरा वन रेंज अधिकारी एन के चतुर्वेदी के मुताबिक बच्ची की मौत के बाद तेंदुआ को पकड़ने के लिए तैयारियां कर ली गई हैं। वन विभाग की टीम लगातार कांबिंग कर रही है। तेंदुए की लोकेशन ट्रेस करने के लिए गांव के आसपास छह कैमरे लगाए हैं। गांव के पास संभावित लोकेशन पर पिंजड़ा भी लगाया गया है। घटना के बाद गांव पहुंचे एसडीओ, रेंजर व डिप्टी रेंजर ने ग्रामीणों को जागरूक किया। वनरक्षक उत्तम पांडेय के साथ कमाल अहमद, अरुण सिंह, राधे, राम स्वरूप आदि को निगरानी के लिए गांव में तैनात कर दिया है।
तेंदुए की निगरानी के लिए कैमरा लगाते वनकर्मी