लखीमपुर खीरी। एलआरपी चौराहा से इंदिरा मनोरंजन पार्क तक सड़क चौड़ीकरण का काम कराया जा रहा है। इसके लिए विद्युत लाइन शिफ्टिंग होनी है। 33/11 केवी बिजली उपकेंद्र गढ़ी से 21 से 27 सितंबर तक रोजाना आठ घंटे बिजली कटौती का रोस्टर जारी किया गया है।
लाइन शिफ्टिंग के लिए दो शिफ्टों में कटौती होगी। पहली शिफ्ट सुबह छह से 10 बजे और दूसरी दोपहर एक से शाम पांच बजे तक रहेगी। रोस्टर के पहले दिन सुबह छह से 10 बजे तक चिकवा मंडी, बजरंग पैलेस आदि क्षेत्रों की आपूर्ति बाधित रही। इसके बाद दोपहर एक से शाम पांच बजे तक भी बिजली गुल रही। इससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।
लखीमपुर डिविजन के अधिशासी अभियंता अजय सिंह ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि कटौती से पहले पानी सहित अन्य व्यवस्थाएं कर लें, ताकि दिक्कत न हो।