जेल में निरुद्ध महिला बन्दियों के लिए डीएम किंजल सिंह ने नया सवेरा अभियान के तहत एक और अभिनव प्रयास करते हुए उनके भोजन की व्यवस्था डायनिंग टेबल पर करा दी है।
बंदी महिलाओं ने गुरुवार को डायनिंग टेबल पर खाना शुरू किया तो उनकी आंखें डबडबा गईं। महिला बंदियों ने कहा कि वह अब तक जमीन पर बैठकर भोजन करती थीं और इसे ही अपनी किस्मत मान लिया था, लेकिन आज जब उन्हें स्टील की थाली में अपने घर की तरह भोजन मिला तो उन्हें वे दिन भी याद आ गए, जब वे ऐसे ही भोजन करतीं थीं।
नया सवेरा अभियान के अंतर्गत महिला बन्दियों के लिए बृहस्पतिवार का दिन अद्भुत रहा। जब जिला कारागार की महिला बैरक में महिला बन्दियों ने डायनिंग टेबल पर भोजन किया। डीएम ने बन्दी महिलाओं का जीवन स्तर ऊपर उठाने के लिए थारू हट की तर्ज पर डायनिंग हाल का निर्माण कराया है, जिसमें 19 डायनिंग टेबल और 80 कुर्सियों की व्यवस्था की गई है।
साथ ही भोजन के लिए स्टील की थाली और चम्मच की व्यवस्था भी की है। डायनिंग हाल में टेबल पर भोजन करके महिला बन्दी काफी खुश दिखीं। जिला प्रशासन ने इन्हें खाना खाने के तौर तरीके भी सिखाए हैं। साथ ही भोजन से पहले हाथ धोने और स्वच्छता के साथ भोजन करने के महत्व को भी बताया। डीएम किंजल सिंह का कहना है कि प्रदेश के इतिहास में शायद ही किसी जेल में इस तरह की व्यवस्था हो।
...और मिल रहा रोजगार
डीएम के प्रयास से ही जेल में सरकारी विभागों की फाइल निर्माण का काम महिला बंदी कर रही हैं। इससे उन्हें जहां फाइल बनाने का हुनर मिल रहा है, वहीं रोजगार भी मिला है। इससे वे बाहर निकलकर फाइल बनाकर रोजगार हासिल कर सकती हैं।