लखीमपुर खीरी। ओयल के एक रिजॉर्ट में पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की याद में याद-ए-मुलायम काव्य संध्या आयोजित कर मंगलवार रात समाजवादी पार्टी के लोगों ने उन्हें याद किया और श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस मौके पर यूपी में का बा से देशभर में चर्चित हुईं लोक गायिका कवयित्री नेहा सिंह राठौर ने अपनी गायिकी से लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने महंगाई और बेरोजगारी के गीत सुनाकर व्यवस्था पर प्रश्न उठाया। अपना सबसे लोकप्रिय गीत खत्म रोजगार बा बाबा का दरबार बा, हाथरस मा निर्णय जोहत लड़की का परिवार बा, का बा यूपी में का बा गीत सुनाकर खूब तालियां बटोरीं।
अयोध्या से आए रचनाकार साहित्यभूषण जमुना प्रसाद उपाध्याय ने पढ़ा - नदी के घाट पर यदि ये सियासी लोग बस जायें, तो प्यासे होंठ एक-एक बूंद पानी को तरस जाएं। गनीमत है कि मौसम पर हुकूमत चल नहीं सकती, नहीं तो सारे बादल इनके खेतों में बरस जाएं।
लखीमपुर के अवधी सम्राट फारुख सरल ने अपने लोकगीतों के माध्यम से सबको खूब हंसाया। प्रसिद्ध हास्य और टीवी कलाकार लाफ्टर चैलेंज विनर राजीव निगम ने अपने लॉफ्टर का ऐसा तड़का लगाया कि सबको लोटपोट कर दिया।
इससे पहले सभी नेताओं ने मुलायम सिंह यादव के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। कार्यक्रम के बतौर मुख्य अतिथि नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय मौजूद रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय कवि उदय प्रताप सिंह ने की।
विशिष्ट अतिथि धौरहरा सांसद आनंद भदौरिया, खीरी सांसद उत्कर्ष वर्मा, सीतापुर सांसद राकेश राठौर, पूर्व सांसद जफर अली नकवी, सपा महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष जूही सिंह, यूथ ब्रिगेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह समेत तमाम पार्टी के नेता मौजूद रहे।