पैसा पाने को लेकर मची रही मारामारी, बिजुआ में भीड़ में महिला कुचली, कई जगह जाम भी लगा
बैंकों में नोटों की कमी लोगों के लिए मुसीबत बनी हुई है। एक महीना बीत गया है, इसके बाद भी लोगों को कैश की समस्या से छुटकारा नहीं मिला है। शुक्रवार को भी कैश न होने से बैंकों की व्यवस्था बेपटरी रही। बिजुआ में बैंक में घुसने की होड़ में एक महिला गिर गई, जिसे कुचलते हुए लोग बैंक के अंदर घुस गए। घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कई जगहों पर नाराज लोगों ने जाम लगाकर प्रदर्शन किया और नारेबाजी की।
सिकन्द्राबाद। पंजाब नेशनल बैंक में दोपहर एक बजे कैश समाप्त हो गया। इस पर लाइन में लगे लोग भड़क उठे। हंगामा कर रोड जाम करने का प्रयास करने लगे। हंगामा बढ़ता देख पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और लोगों को समझा बुझाकर किसी तरह शांत किया। शाखा प्रबंधक पंकज सिद्धार्थ ने बताया कि कैश कम होने के कारण दो-दो हजार रुपये भुगतान किया गया, जो दोपहर बाद समाप्त हो गया। जिला सहकारी बैंक में भी भीड़ को संभालने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
बिजुआ। इलाहाबाद बैंक गेट पर सुबह ही लोगों की भीड़ जुट गई। बैंक कर्मचारियों के गेट खोलते ही भीड़ धक्के मारकर अंदर घुसने लगी। धक्का मुक्की होने पर बीच में फंसी गांव मिट्ठू टांडा निवासी कबूतरी देवी गिर गईं। पति उसे जब तक बचा पाता तब तक उन्हें कुचलते हुए कई लोग निकल गए। पति जेब सिंह ने पत्नी कबूतरी देवी को बेहोशी की हालत में लिए बैंक के बाहर काफी देर बैठा रहा, लेकिन उसे पैसा नहीं मिला, लेकिन इसी बीच महिला की हालत बिगड़ने लगी। जिस पर पति ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया। बैंक के सामने लोगों ने जाम भी लगाया और प्रदर्शन किया। गुलरिया स्टेट बैंक का गेट बंद होने से लोग भड़क उठे और हंगामा किया। इस पर बैंक कर्मचारी बैंक छोड़कर बाहर खड़े हो गए। पड़रिया तुला बैंक में शुक्रवार को भी कैश नही था।
गोला गोकर्णनाथ। नगर में बैंकों में भी स्थिति बिगड़ने लगी है, जिसे लेकर खातेदारों में असंतोष बढ़ता दिख रहा है। भुगतान न मिलने से लोग परेशान हैं। इसी प्रकार एटीएम के बाहर देर रात तक लाइन लगी रहीं।
ममरी। कसबे की इलाहाबाद बैंक में कैश न होने के कारण शुक्रवार को भी भुगतान नहीं हुआ। गनेशपुर ओरियंटल बैंक, हैदराबाद की पंजाब नेशनल बैंक, रोशननगर की इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक में खातेदारों की लंबी लाइन लगी रहीं। जहां कैश की कमी के चलते जरूरतमंदों को एक से दो हजार रुपये लेकर ही संतोष करना पड़ा।
रजागंज। किसान बालगोविंद राजेश वर्मा, रामसिंह, लखपतिराम ने बताया को समय से पैसे न मिलने से पहले ही गेहूं की बुवाई लेट हो चुकी है अब फसलों में खाद, पानी समय पर न पड़ने से पैदावार कम होगी जिससे वे परेशान हैं।
बांकेगंज। नोटबंदी के एक माह भी बांकेगंज की बैंकों में कैश की कमी दूर नहीं हो पाई है, जिससे न केवल खातेदार बल्कि बैंक मैनेजर भी परेशान हैं। एसबीआई और इलाहाबाद बैंक में कैश की किल्लत होने से भुगतान लेने आए लोगों को बैरंग वापस जाना पड़ा।
तिकुनियां। कसबे की इलाहाबाद, सेंट्रल बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, यूपी ग्रामीण बैंक में कैश न होने के चलते सुबह से बैंक में लाइन लगाकर खड़े लोगों को निराश होना पड़ा।
मितौली। कस्ता की पंजाब नेशनल बैंक, इलाहाबाद बैंक मितौली में पैसा न होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। सभी एटीएम शोपीस बने हुए हैं, जो एक माह से नहीं खुले हैं।
गुलरिया। पड़रिया तुला स्थित इलाहाबाद, यूपी ग्रामीण बैक ने माह दिसंबर में मात्र बृहस्पतिवार को कुछ लोगों को दो-दो हजार रुपये भुगतान किया है।
मैलानी। नोटबंदी के बाद बैंकों के बाहर भीड़ कम नहीं हो रही है। एसबीआई इलाहाबाद बैंक का हाल भी बेहद खराब है। एसबीआई में शुक्रवार को दोपहर में ही कैश खत्म हो गया। नतीजतन सुबह से लाइन में लगे लोगों को निराश होकर लौटना पड़ा। इलाहाबाद बैंक में भी सिर्फ ढाई-ढाई हजार रुपये दिए गए। जिला सहकारी बैंक में भी दो हजार रुपये दिए गए। एसबीआई का एटीएम दो दिनों से खाली है।
महेवागंज। इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक की शाखा पतरासी मे शुक्रवार को भुगतान पाने के लिए सुबह ही सैकड़ो खाताधारक बैंक पहुंच गए। काफी देर इंतजार के बाद जब उन्हें बताया गया कि कैश नही है। इससे ग्रामीणो का पारा चढ़ गया। दर्जनों ग्रामीण सड़क पर आ डटे और लखीमपुर-शारदानगर मार्ग पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। एसओ फूलबेहड़ राकेश सिंह मय फोर्स मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणो से बात की। एसओ ने बैंक अधिकारियो से वार्ता कर जल्द समस्या का हल निकालने की बात कही साथ ही ग्रामीणों को भी समझाबुझा कर शांत किया।
मोहम्मदी। भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा में आज भी ग्राहकों की लंबी लाइन लगी रही। शाम तक लगे कई ग्राहकों को कैश न मिल पाने के कारण निराश घर लौटना पड़ा।