लखीमपुर खीरी। जिले में रसोई गैस की कमी को लेकर फैली आशंकाओं के बीच पूर्ति विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनपद में गैस की कोई किल्लत नहीं है। सभी एजेंसियों पर पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है।
जिला पूर्ति अधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि जिले में कुल 83 गैस एजेंसियां संचालित हैं, जिनसे करीब आठ लाख उपभोक्ता जुड़े हुए हैं। सामान्य दिनों की तरह प्रतिदिन करीब 15 हजार गैस सिलिंडरों की डिलीवरी उपभोक्ताओं को की जा रही है, जबकि लगभग 16 हजार सिलिंडर प्लांट से जिले में पहुंच रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जनपद में न तो गैस की कमी है और न ही पेट्रोल-डीजल की। उपभोक्ताओं को किसी तरह की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। जिला पूर्ति अधिकारी ने एजेंसी संचालकों और उपभोक्ताओं से गैस का अनावश्यक स्टॉक न करने की अपील की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कहीं भी गैस की जमाखोरी या ओवररेटिंग की शिकायत मिली तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए विभाग की टीमें निगरानी कर रही हैं।