लखीमपुर खीरी। ओयल में स्थित जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में कई ग्रुपों का खून कम हो गया है। ओ निगेटिव पूरी तरह खत्म हो चुका है, जबकि अन्य कई ग्रुप का ब्लड भी काफी कम है। ऐसे में अगर इमरजेंसी में जरूरत पड़ी तो मिलना मुश्किल हो जाएगा।
जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में बुधवार तक विभिन्न ग्रुपों का 156 यूनिट खून मौजूद है। सबसे ज्यादा ओ प्लस का 86 यूनिट है। जबकि ओ निगेटिव बिल्कुल भी नहीं है। इसी तरह बी प्लस का 50 यूनिट, एबी प्लस 15 यूनिट खून बैंक में मौजूद है। ब्लड बैंक में कई ग्रुप का निगेटिव खून कम है। ए निगेटिव का एक यूनिट, बी निगेटिव का दो यूनिट और एबी निगेटिव का एक यूनिट खून है। वहीं ए प्लस का भी मात्र एक यूनिट खून है। ऐसे में अगर इमरजेंस में खून की जरूरत पड़ती है तो मिलना मुश्किल हो जाएगा। ब्लडबैंक इंचार्ज महंत सिंह ने बताया कि ब्लड बैंक में जरूरत पर खून उपलब्ध हो जाता है। अभी तक ऐसी कोई भी समस्या नहीं आई है।
खून देने को तैयार रहते हैं दानवीर
ब्लड बैंक इंचार्ज महंत सिंह ने बताया इमरजेंसी में खून देने के लिए कई दानवीर हमेशा तैयार रहते हैं। दानवीरों की वजह से कभी भी खून की कम नहीं रही। साथ ही कई सामाजिक संगठन भी समय-समय पर कैंप लगाकर बैंक में खून की यूनिट बढ़ाते रहते हैं। ब्लड बैंक की ओर से थैलेसीमिया के कई मरीजों को नि:शुल्क खून दिया जाता है।