बोर्ड परीक्षा अब अंतिम दौर में है, हाईस्कूल की परीक्षाएं पूरी हो गई हैं। इंटर की परीक्षाएं भी समापन की ओर हैं लेकिन अभी तक अव्यवस्थाएं कम नहीं हुई हैं। अमर उजाला टीम ने गुरुवार को परीक्षा की स्थिति का जायजा लिया तो तमाम अव्यवस्थाएं देखने को मिलीं।
जिले में बोर्ड परीक्षाओं का हाल जानने के लिए गुरुवार को राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज, अबुल कलाम आजाद गर्ल्स इंटर कॉलेज सहित कई कॉलेजों का भ्रमण किया गया, हालांकि कई विद्यालयों में परीक्षाएं नहीं हो रहीं थीं। टीम ने सुबह लगभग 8.00 बजे नगर के राजकीय कन्या इंटर कॉलेज का भ्रमण किया तो यहां विद्यालय का गेट खुला हुआ था। गेट पर कोई सुरक्षा कर्मी या चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी नहीं था। अंदर कक्षाओं में परीक्षाएं हो रहीं थीं। यहां बालिकाओं के पीने के पानी के लिए सिर्फ स्कूल में लगी टंकियां ही देखने को मिलीं। पूछने पर प्रधानाचार्य शालिनी दुबे ने बताया कि परीक्षा के शुरुआती दौर में सुरक्षा कर्मी गेट पर बैठता था अब कई दिन से आता ही नहीं है। इसके बाद टीम लगभग 9.00 बजे राजकीय इंटर कॉलेज में गई, यहां सुरक्षा कर्मी भी था तो परीक्षा कक्षों के बाहर पेयजल की व्यवस्था भी थी। परीक्षा कक्ष के गेट पर एक कुत्ता आराम से सो रहा था। इस पर न कक्ष निरीक्षक की नजर पड़ी न सुरक्षा कर्मी की। इसके बाद टीम गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज, स्वामी श्याम प्रकाश इंटर कॉलेज, इस्लामियां इंटर कॉलेज गई पर गुरुवार को यहां परीक्षा नहीं हो रही थी। इसके बाद करीब 9.30 बजे टीम अबुल कलाम आजाद गर्ल्स कॉलेज गई यहां सुरक्षा कर्मी अंदर थे लेकिन गेट पूरी तरह से खुला था। गुरुवार को परीक्षा कक्षों के अंदर परीक्षार्थियों के बीच में कहीं भी अधिक अंतर देखने को नहीं मिला।