बेतरतीब खड़े होने वालों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस का अभियान जारी
सड़कों पर बेतरतीब खड़े वाहनों पर यातायात पुलिस का डंडा गुरुवार को भी चला। टीएसआई महेंद्र कुमार ने हीरालाल धर्मशाला और शहर के पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस के पास बेतरतीब खड़ी तीन कारों को क्रेन से उठाकर पुलिस लाइन ले गए। जहां तीनों वाहनों को शमन शुल्क वसूल कर छोड़ दिया। ट्रैफिक पुलिस की इस कार्रवाई से खासतौर पर चौपहिया वाहन चालकों में हड़कंप मचा है।
बतादें कि शहर में एएसपी दीपेंद्र नाथ चौधरी के आदेश पर सड़कों पर खड़े होने वाले बेतरतीब वाहनों के खिलाफ यातायात पुलिस अभियान चला रही है। पुलिस अभियान के तहत अब तक 25 से अधिक बाइकों का चालान कर चुकी है। इसके अलावा सड़कों पर खड़ी चार कारों को क्रेन से उठाया, जिन्हें बाद में जुर्माना वसूल कर छोड़ा गया। सड़क पर सवारियां भर रहीं दो मैजिकों को भी सीज किया जा चुका है। गुरुवार को भी अभियान जारी रहा। टीएसआई महेंद्र कुमार क्रेन के साथ सड़कों पर निकले। हीरालाल धर्मशाला के निकट तीन कारों को पुलिस क्रेन से उठा लाई। बाद में शमन शुल्क वसूल कर छोड़ दिया। इसके अलावा छह वाहनों के चालान भी किए गए। टीएसआई महेंद्र सिंह ने बताया कि दुकानों के बाहर बेतरतीब खड़े होने वाली बाइकों आदि से भी जाम की स्थिति बनी रहती है। इसके लिए दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए हैं। सुधार न होने पर कार्रवाई की जाएगी।