ममरी। हैदराबाद थाना क्षेत्र के गांव सुहेला में शुक्रवार रात चोरों ने दो दुकानों को निशाना बनाकर हजारों रुपये का सामान चोरी कर लिया।
ग्राम सुहेला निवासी अक्षय अवस्थी की किराना दुकान में पीछे से नकब लगाकर घुसे चोर छह बोरी चावल, एक बोरी चीनी, रिफाइंड तेल, पांच किलो काजू और करीब 30 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। इसके बाद चोरों ने गांव के ही कमल गुप्ता के गन्ना कोल्हू को भी निशाना बनाया। यहां से चोर खाद की 15 बोरी और छह चारपाई समेत हजारों रुपये का सामान उठा ले गए।
दुकानदारों को चोरी की जानकारी रविवार सुबह तब हुई, जब वे दुकान खोलने पहुंचे। दुकान के अंदर सामान बिखरा देख घटना का पता चला। पीड़ितों ने पुलिस को तहरीर दे दी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
चोरी की बाइक के साथ एक गिरफ्तार, बाइक बरामद
मितौली। पुलिस ने भीखमपुर तिराहे के पास से चोरी की बाइक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी का चालान कर दिया गया है। प्रभारी निरीक्षक महेश पाठक ने बताया कि थाना नीमगांव क्षेत्र के गांव गुलौला निवासी कमलेश कुमार दो मार्च को लालहनपुर तिराहे स्थित शराब भट्ठी के पास बाइक खड़ी कर शराब लेने गया था। इसी दौरान उसकी बाइक चोरी हो गई थी। रविवार को भीखमपुर चौकी प्रभारी उदयवीर यादव ने पुलिस टीम के साथ भीखमपुर तिराहे के पास घेराबंदी कर एक संदिग्ध को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम नासिर, निवासी नीवा टांडा कस्ता, थाना मितौली बताया। संवाद