लखीमपुर खीरी। खंभारखेड़ा स्थित चीनी मिल परिसर में चोरों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए सहायक महाप्रबंधक इंजीनियर के आवास को निशाना बनाया। चोर ने घर में रखी नकदी और लाखों रुपये के जेवर लेकर चंपत हो गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।
खंभारखेड की बजाज चीनी मिल में सहायक महाप्रबंधक इंजीनियर के पद पर कार्यरत वीरेंद्र सिंह बिजनौर जिले के गांव इनायतनगर के रहने वाले हैं। बताया जा रहा है कि वह बीते तीन अगस्त को छुट्टी लेकर अपने घर गए थे। छुट्टी के बीच ही आवास के पड़ोसी राजीव ने 11 अगस्त को उनके आवास का ताला खुला हुआ होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही उन्होंने कारखाना प्रबंधक को घटना की जानकारी दी। कारखाना प्रबंधक ने सुरक्षा गार्डों को मौके पर भेजकर स्थित पता करने की बात कही।
सुरक्षा गार्डों के पहुंचने पर उन्हें मुख्य द्वार का कुंडा टूटा मिला। इतना ही नहीं आवास में रखा सारा सामान तितर-बितर पड़ा था। अलमारियों के ताले टूटे थे। साथ ही उनमें रखा कैश और जेवर आदि सामान गायब था। गार्डों ने पूरा मामला कारखाना प्रबंधक को बताया तो उन्होंने इंजीनियर को घटना से अवगत कराया। इस पर इंजीनियर घर से लौटकर खंभारखेड़ा आवास पर आए।
इंजीनियर के मुताबिक, चोर नकदी समेत करीब पांच लाख रुपये से अधिक के पत्नी के जेवर सहित अन्य सामान लेकर भाग गए। पुलिस ने इंजीनियर की तहरीर पर चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी हेमंत राय ने बताया कि घटना स्थल के आसपास और आवास परिसर में लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही चोरी का खुलासा किया जाएगा।