मैलानी। बृहस्पतिवार को व्हाट्सएप पर परिजनों को शारदा नहर में कूदने का मेसेज भेजने वाले युवक को पुलिस ने सर्विलांस की मदद से दिल्ली से बरामद कर लिया है।
शाहजहांपुर के पुवायां कोतवाली के गांव पकड़िया हकीम निवासी संजय वर्मा के पुत्र राजीव वर्मा उर्फ सोनू 28 वर्ष ने बृहस्पतिवार को अपने परिजन धीरज को व्हाट्सएप पर शारदा नहर में कूदने का मेसेज भेजा था। पुलिस ने गोताखोर से तलाश शुरु कराई लेकिन कोई सफलता नहीं मिली, जबकि उसकी बाइक नदी किनारे खड़ी मिली थी।
पुलिस का कहना है कि सोनू का मोबाइल सर्विलांस पर लगा था। शुक्रवार को तीन बजे ऑनलाइन हुआ, तो उस पर हेलो का मेसेज भेजते ही मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। पहले मोबाइल की लोकेशन बरेली और फिर दिल्ली की मिली। सर्विलांस की मदद से सोनू को दिल्ली के लक्ष्मी नगर बस स्टॉप के पास से बरामद कर लिया गया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि बताया कि मामले की गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज है। पुलिस सोनू को लेकर दिल्ली से मैलानी के लिए रवाना हो गई है और शनिवार देर शाम तक उसके यहां पहुंचने की उम्मीद है।