लखीमपुर खीरी। जिले से गुजरे अधिकांश हाईवे पर सफेद पट्टी धूमिल हो चुकी हैं। कई जगह रेडियम नहीं हैं तो कुछ जगह कैट आई भी नहीं बनी हैं। ऐसे में धुंध में सड़कों पर सफर खतरनाक होता जा रहा है। कोहरे का सीजन शुरू होने के बाद भी जिम्मेदार तत्काल व्यवस्था में सुधार का दावा कर रहे हैं।
मोहम्मदी के पुवायां रोड राजापुर बैनी मोड़ के पास एक्सीडेंट जोन है, फिर भी सफेद पट्टी नहीं बनी है। मझगईं के पलिया-निघासन मार्ग के बेला मोड़ पर कोई सांकेतिक नहीं है। सफेद पट्टी ढक चुकी है। पूर्व में बनी पट्टी तकरीबन मिट चुकी है। अमीरनगर-मोहम्मदी-लखीमपुर हाईवे का भी बुरा हाल है। सफेद रंग की पट्टियां धुंधली हो गई हैं। कैट आई भी धंस या उखड़ चुकी हैं।
धौरहरा में ढखेरवा से सिसैया रोड पर सफेद रेडियम पट्टी व कैट नदारद हैं। सड़क किनारे वाली पट्टी झाड़ियों में ढक चुकी है, जबकि बीच वाली धुंधली हो गई हैं। कैट आई भी उखड़कर गायब हो चुकी हैं। इस वजह से हादसों का डर बना रहता है।
केशवापुर में नेशनल हाईवे 730 से गोला से रजागंज तक हाईवे किनारे सफेद रंग की पट्टी लगभग मिट चुकी है। कोहरे में ये पट्टियां चालकों को दिखाई नहीं देती हैं। सड़क पर संकेतक न होने से वाहनों को मोड़ की भी जानकारी नहीं लगती। ऐसे में जलालपुर मोड़ से रजागंज तक आए दिन हादसे होते हैं।
संपूर्णानगर में पलिया मार्ग पर मुरारखेड़ा से लेकर कस्बे तक सड़क की सफेद लाइन लगभग पूरी तरह मिट गई है। इस मार्ग पर गन्ने भरे ट्रक व ट्रैक्टर-ट्रॉली चीनी मिल जाते हैं, लेकिन जिम्मेदार ध्यान नहीं देते हैं। कोहरे में लाइन न दिखने से हादसे की आशंका बनी रहती है।
निघासन में ढखेरवा मार्ग के किनारे सफेद पट्टियां धूमिल हो गई हैं। मोड़ व गतिरोधक पर अधिकांश जगह संकेतक नदारद हैं। संकेतक न होने से मोड़ या अवरोध का पता नहीं चल पाता। सबसे ज्यादा निघासन, रकेहटी कस्बे के चौराहे पर स्पष्ट संकेतक हैं और न ही सड़क पर चिह्न दिखाई दिए।
-
ये होते हैं सफेद पट्टियों के संकेत
सफेद पट्टियां यातायात को दिशा देने व ओवरटेकिंग के नियम बताने के लिए होती हैं। हाईवे के बीच में छोड़-छोड़ के सफेद पट्टी बताती हैं कि यहां से लेन बदल सकते हैं या ओवरटेक कर सकते हैं। लगातार पट्टी होने पर लेन नहीं बदल सकते हैं और ओवरटेक नहीं कर सकते। सड़क किनारे सफेद पट्टी होने पर पार्किंग की अनुमति देती है, लेकिन ट्रैफिक नियमों के साथ।
कोहरे में इन बातों का रखें ध्यान
-वाहन की हेडलाइट व फॉग लाइट जलाकर रखें।
-गति सामान्य से कम रखें, अचानक ब्रेक लगाने से बचें।
-आगे चल रहे वाहन से पर्याप्त दूरी बनाए रखें।
-मोबाइल फोन या अन्य चीजों से ध्यान भटकने न दें।
-वाहन चलाने से पहले शीशा साफ कर लें। देख लें कि वाइपर और डिफॉगर ठीक से काम कर रहे हैं या नहीं।
-घना कोहरा होने पर वाहन रोककर इंतजार करें।
हाईवे व सड़कों पर जहां कहीं भी सफेद पट्टी हल्की हो चुकी हैं या कैट आई टूटी चुकी हैं, उसे दिखवाकर तत्काल ठीक कराया जाएगा। संबंधित अफसरों के साथ इस संबंध में बैठक कर हादसों को रोकने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
-नरेंद्र बहादुर सिंह, एडीएम प्रशासन
ढखेरवा से सिसैया मार्ग पर झाड़ियों में छिप गई सफेद पट्टी। संवाद
ढखेरवा से सिसैया मार्ग पर झाड़ियों में छिप गई सफेद पट्टी। संवाद
ढखेरवा से सिसैया मार्ग पर झाड़ियों में छिप गई सफेद पट्टी। संवाद