सिकंदराबाद। थाना नीमगांव के ग्राम बेलहरी निवासी संजय की मौत वन्यजीव के हमले में हुई थी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से इसका खुलासा हुआ है। वहीं वन विभाग के अधिकारी इससे इन्कार कर रहे हैं।
गांव बेलहरी निवासी संजय (37) रविवार घर से सुबह पांच बजे शौच के लिए निकला था। इसके बाद से वह घर नहीं लौटा। परिजन संजय की तलाश कर ही रहे थे कि तभी सोमवार दोपहर बाद संजय का शव पकरिया जाने वाले रास्ते पर गांव से कुछ दूर नाले में पड़ा मिला। इस बात की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुटने लगी।
इधर, पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया था। परिजन हत्या की आशंका जता रहे थे। मंगलवार को शव घर लाया गया तो परिजन आक्रोशित हो उठे और शव मार्ग पर रखकर प्रदर्शन करने लगे।
इस बात की भनक पुलिस को लगी तो एसओ नीमगांव सुनीता कुशवाहा ने मौके पर पहुंचकर आक्रोशित परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। इसके बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। सूत्रों के अनुसार, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से साफ हुआ है कि मौत जंगली जानवर के हमले में हुई थी।
-
मैंने घटनास्थल का निरीक्षण किया था। जंगली जानवर के हमले से मौत नहीं हुई है। चेहरे पर तेजाब प्रतीत हो रहा था।
निर्भय प्रताप शाही रेंजर महेशपुर रेंज
-
पोस्टमार्टम रिपोर्ट अभी देखी नहीं है। जाम लगाने की कोशिश करने वालों की पहचान की जा रही है। चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी। हत्या की तहरीर मिली है जांच की जा रही है। जांच के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।
सुनीता कुशवाहा थानाध्यक्ष नीमगांव