दिल्ली में आयोजित शूटिंग प्रतियोगिता के दौरान सम्मानित किए गए जिले के मूक बधिर खिलाड़ी प्रणव। स
लखीमपुर खीरी। जन्म से मूकबधिर होने के बावजूद जिले के राइफल शूटर प्रणव तिवारी ने नई दिल्ली स्थित डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में आयोजित 49वीं उत्तर प्रदेश राज्य निशानेबाजी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर दो स्वर्ण और एक कांस्य पदक जीतकर जिले और प्रदेश का मान बढ़ाया। प्रतियोगिता में सामान्य वर्ग में पदक जीतकर उन्होंने अपनी उपलब्धि को और भी खास बना दिया।
प्रणव ने 10 मीटर एयर राइफल पुरुष डेफ वर्ग और 50 मीटर राइफल प्रोन पुरुष डेफ वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन सामान्य पुरुष वर्ग में कांस्य पदक अपने नाम किया।
पुरस्कार वितरण समारोह में केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने प्रणव को पदक पहनाकर सम्मानित किया। उनकी इस उपलब्धि पर जिले के खेल प्रेमियों ने खुशी जताते हुए इसे युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक बताया। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रणव भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी भारत का नाम रोशन करेंगे।