बांकेगंज। गोला वन क्षेत्र से सटे ग्रंट नंबर 10 पंचायत के देबीपुर गांव में शुक्रवार सुबह छह बजे गन्ने के खेत से निकला बाघ गांव निवासी खुशीराम में घर में घुस गया। वहां खूंटे में बंधे बछड़े पर हमला कर मार डाला। उसे घसीटकर गांव के पास गन्ने खेत में ले गया और निवाला बनाया।
परिजनों के शोर-गुल वहां ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस और वन विभाग को दी। आबादी में बाघ घुसने की जानकारी होने पर आसपास गांवों के सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ हाथों में लाठी-ड़डे लेकर घटनास्थल पर पहुंच गई और गन्ने के खेत को घेर लिया।
सूचना के बाद मौके पर पहुंची वन विभाग और थाना मैलानी पुलिस की टीम ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर किसी तरह शांत किया। वन कर्मियों की टीम ने घटनास्थल पर मिले पगचिह्नों को देखकर बाघ मौजूदगी की पुष्टि की है। वन कर्मियों ने पटाखे दागकर और ग्रामीणों ने शोरगुल कर बाघ को खदेड़ने की कोशिश की लेकिन वह गन्ने से निकलने के बजाए रुक-रुककर गुर्राता रहा।
आबादी के पास बाघ की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत है। वह खेतों की ओर नहीं जा पा रहे हैं। इस वजह से गेंहू की फसल की सिंचाई के साथ गन्ना कटाई का काम प्रभावित हो रहा है। इससे नाराज ग्रामीणों ने वन विभाग से बाघ को पकड़कर जंगल में छोड़ने की मांग की है।
-
देबीपुर गांव के पास बाघ मौजूदगी की सूचना मिली है। निगरानी कराई जा रही है। ग्रामीणों से अपील है कि सतर्कता बरतें। गन्ने के खेत से दूरी बनाकर रखें।
- संजीव तिवारी, रेंजर, गोला, दक्षिण खीरी वन प्रभाग