चौधीपुर गांव में मौके पर जमा ग्रामीणों की भीड़। संवाद
बांकेगंज। दुधवा टाइगर रिजर्व बफर जोन मैलानी रेंज क्षेत्र की जटपुरा बीट जंगल से निकला बाघ बुधवार रात चौधीपुर गांव में रामकुमार के घर में घुस गया।
चारपाई के पास आंगन में खूंटे से बंधे पड्डे पर झपट्टा मारकर उसे घायल कर दिया। वह उसे खींचकर ले जाने लगा। इस बीच उसके चिल्लाने की आवाज पर जागे परिजनों के शोरगुल मचाया तो वह उसे घर के बाहर छोड़कर गन्ने के खेत में छिप गया।
बृहस्पतिवार सुबह मौके पर पहुंचे वन दरोगा राजाराम तिवारी, हरेंद्र सिंह, पिंटू ने किसान के घर के बाहर पड़े पड्डे के शव और पगचिन्ह देखकर बाघ की मौजूदगी की पुष्टि की है। रेंजर मैलानी साजिद हसन के निर्देश पर वनकर्मियों की टीम ने पड्डे के शव का बांकेगंज पशु चिकित्सालय में पोस्टमाॅर्टम कराने के बाद जमीन में दफना दिया गया। आबादी के पास बाघ की मौजूदगी से ग्रामीण दहशत में हैं, लेकिन विभाग सिर्फ निगरानी तक सीमित है।