फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मंदिरों में उमड़ा कांवड़ियों का रेला

Mon, 10 Aug 2015 05:07 PM IST
लखीमपुर खीरी।
विज्ञापन
विज्ञापन
सावन के दूसरे सोमवार को शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। जिले की तकरीबन सभी सड़कों पर केसरिया कपड़ों में कांवड़ियों का रेला उमड पड़ा। हर-हर महादेव और बम भोले के जयघोष से शिवालय ही नहीं सड़कें तक गूंज रहीं थीं। प्राचीन शिव मंदिरों में तो सुबह से श्रद्धालुओं की कतारें लग गईं थीं। भुइफोरवानाथ और लिलौटी नाथ मंदिरों में श्रद्धालुओं ने भंडारों का आयोजन किया। जहां हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। कांवड़ियों के लिए जगह-जगह भंडारे चल रहे थे।
विज्ञापन

महाभारत कालीन प्राचीन लिलौटी नाथ मंदिर में ब्रह्म मुहूर्त से ही पूजा अर्चना करने वाले श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। लोगों को जलाभिषेक करने के लिए घंटों कतार में खड़े रहना पड़ा। दूर-दूर से आए सैकड़ों कांवड़ियों ने पवित्र नदियों से जल लाकर दिव्य शिवलिंग का जलाभिषेक किया। पूजा अर्चना के बाद कांवड़ियों और अन्य श्रद्धालुओं ने भंडारों में प्रसाद ग्रहण किया। यहां दिन भर मेला लगा रहा।
शहर के प्राचीन भुइफोरवानाथ मंदिर के कपाट भी ब्रह्म मुहूर्त में खोल दिए गए थे। यहां सुबह से ही पूजा अर्चना करने वाले श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं ने दूध, गंगाजल, शहद, दही, घी आदि से रुद्राभिषेक करने के बाद बेलपत्र, फूल, अक्षत, मिष्ठान, फल, धतूरा, भांग आदि अर्पित कर मनोरथ सिद्ध होने की कामना की। यहां भी दिन भर भंडारों का दौर जारी रहा। मंदिर के बाहर लगे मेले में बच्चों ने जमकर खरीदारी की।
विज्ञापन

इसके अलावा शहर के महाकालेश्वर मंदिर, ओयल के मंडूक तंत्र और श्रीयंत्र पर आधारित मेढक शिव मंदिर, अपनी स्थापत्य कला के लिए प्रसिद्ध सिंगाही के भूलभुलैया मंदिर, मोहम्मदी के निकट स्थित टेढ़ेनाथ मंदिर, मढ़ियाघाट के शिव मंदिर, कफारा के लीलानाथ मंदिर और जंगलीनाथ मंदिर में भी श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। सावन कें दूसरे सोमवार को इतनी संख्या में कांवड़िए आए कि हर जगह कांवड़िए ही कांवड़िए नजर आ रहे थे। कांवड़ियों की भीड़ के चलते मंदिरों और सड़कों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। सावन के दूसरे सोमवार को मंदिरों की विशेष साज सज्जा भी की गई।
निघासन। कस्बा रकेहटी में सोमवार को बुढ़वा बाबा मंदिर पर पूर्व प्रधान दिग्विजय गुप्ता की अगुवाई में भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में क्षेत्र से आए कांवड़ियों ने प्रसाद ग्रहण किया।
धौरहरा। कफारा स्थित लीलानाथ मंदिर में सोमवार को भगवान शिव के भक्तों की भारी  भीड़ उमड़ी। इस दौरान भक्तों ने कथा भी सुनीं। होलागढ़, राजापुर आदि स्थानों से आकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया।
--
बांकेश्वर महादेव मंदिर में हुआ महारुद्राभिषेक
बांकेगंज। कस्बा स्थित बांकेश्वर महादेव मंदिर में महारुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। मंदिर के पुजारी कुसुम कुमार शास्त्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गंगाजल, दूध, दही, घी और शहद से रुद्राभिषेक कराया। श्रद्धालुओं ने बेलपत्र, फूल, अक्षत, फल,मिष्ठान, भांग धतूरा आदि अर्पित किया। रुद्राभिषेक के बाद महाआरती में कस्बे के श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया और हर-हर महादेव के जयकारे लगाए। 
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें