- वाणिज्यकर, खाद्य निरीक्षक और मंडी की टीम ने की छापेमारी
- खाद्य निरीक्षक ने भरे तीन सैंपल, वाणिज्य कर करेगी जांच
- नेपाल के एक कत्था उद्योग से माल लेकर जा रहा था कानपुर
वाणिज्यकर विभाग, खाद्य निरीक्षक और मंडी की संयुक्त टीम ने दुधवा रोड पर एक कत्थे से भरे ट्रक को पकड़ा है। ट्रक में भरा कत्था नेपाल से कानपुर जा रहा था। खाद्य निरीक्षक द्वारा जहां कत्थे के दो सैंपल भरे गए हैं, वहीं वाणिज्यकर विभाग ने ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
वाणिज्यकर विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर संजय शुक्ला, खाद्य निरीक्षक एमपी सिंह तथा मंडी सचिव हरिनाथ सिंह यादव की अगुवाई में संयुक्त सचल दल ने दुधवा रोड पर एक कत्था भरे ट्रक को रोककर उससे पूछताछ की। पूछताछ में पता चला कि यह कत्था नेपाल के लक्ष्मी कत्था उद्योग से कानपुर के पुष्प इंटरप्राइजेज जा रहा था। प्रपत्र आदि देखने के बाद खाद्य निरीक्षक श्री सिंह ने कत्थे के दो सैंपल लिए हैं। जबकि वाणिज्यकर के असिस्टेंट कमिश्नर संजय शुक्ला ने ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
ट्रक में कत्था है जो नेपाल से कानपुर जा रहा था। उसकी जांच के लिए ट्रक को कब्जे में लिया गया है। जांच में प्रपत्र और सामान आदि का मिलान किया जाएगा।
- संजय शुक्ला, असिस्टेंट कमिश्नर वाणिज्यकर
ट्रक में दो प्रकार का कत्था निकला है और इस लिए दोनों के सैंपल भर लिए गए हैं। इसे जांच के लिए भेजा जाएगा। - एमपी सिंह, खाद्य निरीक्षक