भीड़ के कारण ट्रेन में खिड़की से बच्चों को अंदर बैठाने की कोशिश करते यात्री। संवाद
लखीमपुर खीरी। होमगार्ड परीक्षा के अंतिम दिन भी परीक्षार्थियों की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे परिवहन व्यवस्थाएं चरमरा गईं। रोडवेज बसों और ट्रेनों में सीट पाने के लिए धक्का-मुक्की होती रही। ट्रेनों में हालात सबसे ज्यादा खराब रहे। कई लोग खिड़की से चढ़ते दिखे तो कई मुख्य दरवाजों पर धक्का-मुक्की करते नजर आए।
लखीमपुर रेलवे स्टेशन पर दोपहर करीब एक बजे मैलानी-डालीगंज ट्रेन के पहुंचते ही यात्रियों की भीड़ उमड़ पड़ी। भीड़ के कारण महिला यात्रियों को खासा परेशान होना पड़ा और कई महिलाएं ट्रेन में चढ़ ही नहीं सकीं, जिन्हें बाद में रोडवेज का सहारा लेना पड़ा।
रोडवेज की बसें भी कम पड़ गईं। लखीमपुर डिपो की 15 निगम और 87 अनुबंधित बसों के अलावा गोला डिपो से 15 बसें और मंगानी पड़ीं। परीक्षा देने सबसे अधिक परीक्षार्थी हरदोई से पहुंचे थे, जबकि लखनऊ और शाहजहांपुर से भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थी आए।
इधर, परीक्षा समाप्त होने के बाद रोडवेज, रेलवे स्टेशन और संकटादेवी चौराहे के आसपास जाम की स्थिति बनी रही, जिससे आम लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
भीड़ के कारण ट्रेन में खिड़की से बच्चों को अंदर बैठाने की कोशिश करते यात्री। संवाद