डेढ़ लाख की नकदी समेत सात लाख का सामान नष्ट
गांव मुड़िया बैलहा में हाईटेंशन लाइन के तारों में स्पार्किंग हो गई, जिससे गिरी चिंगारी से गांव में आग लग गई। ग्रामीण जब तक कुछ समझ पाते, इससे पहले तेज हवाओं के चलने के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया। इस अग्निकांड में 30 घर जलकर राख हो गए। घरों में रखी डेढ़ लाख की नकदी समेत करीब सात लाख का सामान आग की भेंट चढ़ गया। घटना के एक घंटे बाद जब फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, इससे पहले ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया। नायब तहसीलदार ज्ञान प्रताप सिंह और राजस्व निरीक्षक रामदुलारे ने गांव पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया।
गांव मुड़िया बैलहा में सोमवार को दोपहर करीब दो बजे हाईटेंशन तार से स्पार्किंग हो रही थी। अचानक स्पार्किंग के चलते हरजाना का घर जलने लगा। हवा तेज होने के कारण सोहनलाल, अशफाक, इशहाक, मजलूम, गोबरे, अशोक, रामचंद्र, मनोहर, गंगोत्री, उमाशंकर, चंदू, चंद्रभाल, पैकरमा, अमरीश और राजकुमारी समेत करीब 30 लोगों के घर जलकर राख हो गए। इससे करीब डेढ़ लाख की नकदी, कपड़ा, बर्तन, अनाज, चारपाई समेत घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। ग्रामीणों का आरोप है कि आग की सूचना दमकल विभाग को दी गई, लेकिन घंटी बजती रही, किसी ने फोन नहीं उठाया। बाद में थाने से सूचना एक बार फिर दमकल विभाग को दी गई। करीब एक घंटे बाद दमकल विभाग जब मौके पर पहुंचा तब तक ग्रामीण आग पर काबू पा चुके थे। इससे दमकल कर्मियों को ग्रामीणों की नाराजगी झेलनी पड़ी।
तीस बीघा गन्ना जला
बरवर। जहानीखेड़ा मार्ग पर सैयदवाड़ा में सोमवार को एक बजे के करीब गन्ने की पत्ती जलाते समय आग लग गई। आग की चपेट में आकर बच्चू खां और मजीद खां का दो-दो एकड़, कल्लू खां का एक एकड़ गन्ना जल गया। घटना की सूचना पीड़ित किसानों ने क्षेत्रीय लेखपाल को दी है।