लखीमपुर खीरी। खीरी सहित आसपास के जिलों में सक्रिय गिरोह के जरिये 300 से अधिक फर्में पंजीकृत कर करोड़ों रुपये की जीएसटी चोरी करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार शाम चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया गया, जबकि अन्य 11 आरोपियों की तलाश जारी है।
एएसपी विवेक कुमार तिवारी ने बताया कि इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) क्लेम के नाम पर सरकारी राजस्व को भारी नुकसान पहुंचाने वाले गिरोह के 15 लोगों की पहचान होने के बाद जांच शुरू की गई थी। इस संबंध में जिले के कई थानों में मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने जांच के आधार पर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरोह के अन्य सदस्य ज्ञानेंद्र, अनुज वर्मा, अम्मार, हरिओम शुक्ला, नेक आलम, नावेद मुस्ताक, अतुल सिंह, अंकित अग्रवाल, आशीष अग्रवाल, हिमांशु और सत्यम अभी पकड़ से बाहर हैं। इनके पते-ठिकानों की पुष्टि कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
मामले की जांच साइबर थाना पुलिस की टीमें कर रही हैं। एएसपी ने बताया कि शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।