मंडप फार्म से जीतपुरवा तक जर्जर पड़ी सड़क । संवाद
निघासन। बैलहा क्षेत्र में मंडप फार्म से जीतपुरवा तक 3.10 करोड़ रुपये की लागत से बन रही सड़क अधूरी पड़ी है, जिससे ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। सड़क पर फैली गिट्टी और पत्थरों के बीच से गुजरना मजबूरी बन गया है और आए दिन लोग फिसलकर घायल हो रहे हैं।
करीब एक दर्जन गांवों को तहसील, ब्लॉक, थाना और अस्पताल से जोड़ने वाला यह मार्ग निर्माण रुकने से जोखिम भरा हो गया है। सड़क पर उगी घास लापरवाही की तस्वीर बयां कर रही है। ग्रामीणों का कहना है कि दो फरवरी को उद्घाटन के बाद करीब 15 दिन में ही काम बंद हो गया और तब से कोई प्रगति नहीं हुई।
निर्माणाधीन सड़क पर पांच पुलियों का काम भी धीमा है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में मानसून नजदीक होने से समस्या और बढ़ने की आशंका है। ग्रामीण सोनू सिंह के अनुसार, गिट्टी पर बाइक फिसलने से कई लोग घायल हो चुके हैं।
भाकियू नेता जसपाल सिंह पल्ला ने चेतावनी दी कि काम शुरू न होने पर आंदोलन होगा। रणधीर सिंह ने बताया कि चार महीने से काम बंद है, जिससे मरीजों और स्कूली बच्चों को परेशानी हो रही है।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी और विधायक से हस्तक्षेप कर जल्द निर्माण शुरू कराने की मांग की है।
बड़ी पुलियों के निर्माण में तकनीकी अड़चनें हैं। इनके पूरा होने के बाद सड़क निर्माण में तेजी लाई जाएगी।
-अरविंद यादव, जेई, लोक निर्माण विभाग