गोला गोकर्णनाथ। सावन मेले से पहले पौराणिक शिव मंदिर जाने वाले मार्ग को 22 जुलाई तक दुरुस्त कराया जाएगा। बुधवार को एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने एसडीएम, पीडब्ल्यूडी, विद्युत निगम, कॉरिडोर कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट्स कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) और नगर पालिका परिषद के अधिकारियों के साथ निर्माणाधीन कॉरिडोर, पौराणिक शिव मंदिर परिक्षेत्र और कराए जा रहे कार्यों का निरीक्षण किया।
सावन शुरू होने में एक पखवाड़े का समय बचा है। सुरक्षा, साफ-सफाई और ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने मंदिर परिसर और कांवड़ मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया। शिव मंदिर कॉरिडोर में गोकर्ण तीर्थ व तीर्थ के मध्य प्राचीन कुएं, पाथवे, परिक्षेत्र के मार्ग और मूनलाइट स्टूडियो के पास से शिव मंदिर के पुराने मार्ग का निर्माण कराया जा रहा है।
भीड़ नियंत्रण के लिए बैरियर प्वॉइंट्स और प्रवेश-निकास मार्गों की रूपरेखा तय की गई, ताकि श्रद्धालुओं को भगवान भोलेनाथ और भूतनाथ बाबा के सुलभ दर्शन हो सकें। कांवड़ियों के जत्थों को देखते हुए मार्गों पर साफ-सफाई, पेयजल और चिकित्सा शिविर की व्यवस्था पर प्रशासन जोर दे रहा है।
पौराणिक शिव मंदिर परिसर में 108 स्तंभों पर परिक्रमा पथ बनकर तैयार हो चुका है। कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल के असिस्टेंट प्रोजेक्ट मैनेजर (एपीएम) पवन श्रीवास्तव ने बताया कि परिक्रमा पथ की छत डाली जा चुकी है। 22 जुलाई तक हर हाल में स्लैब खोलकर साफ-सफाई कराने के साथ पौराणिक शिव मंदिर जाने वाले मार्ग को दुरुस्त करा दिया जाएगा।
एसडीएम युगांतर त्रिपाठी ने बताया कि विद्युत विभाग को कांवड़ यात्रा मार्ग पर खुले में रखे ट्रांसफॉर्मरों की फेंसिंग (सुरक्षा घेरा) कराने और लोहे के खंभों पर करंट से बचाव के लिए टेपिंग के निर्देश दिए गए हैं। पीडब्ल्यूडी को शहर व क्षेत्र के मार्ग ठीक कराने और कार्यदायी संस्था को 22 जुलाई तक सभी आवश्यक कार्य पूरे करने के लिए कहा गया है।
-
कांवड़ यात्रा मार्ग से पकड़े जा रहे छुट्टा पशु
मोहम्मदी। सावन में कांवड़ यात्रा को देखते हुए नगर पालिका ने मोहम्मदी-गोला और शाहजहांपुर-पुवायां मार्ग पर घूम रहे छुट्टा पशुओं को पकड़ने का अभियान शुरू किया है। मंगलवार को तीन पशु पकड़े गए और बुधवार को भी अभियान जारी रहा। पकड़े गए पशुओं को गोशाला भेजा जा रहा है।
नगर पालिका के ईओ जेपी मौर्य ने बताया कि मंगलवार को तीन पशु पकड़े गए थे। बुधवार को भी अभियान जारी रहा और पकड़े गए पशुओं को गोशाला भेजा गया। संवाद