दुधवा गौरीफंटा अंतरराष्ट्रीय मार्ग पर चल रहा कार्य। स्रोत: संवाद
गौरीफंटा। दुधवा-गौरीफंटा मार्ग पर चलने वाले राहगीरों और वाहन स्वामियों के लिए राहत भरी खबर है। पलिया-गौरीफंटा मार्ग पर डिगनिया तिराहे से दुधवा बैरियर तक लोक निर्माण विभाग ने सड़क के दोनों ओर खड़ंजा बिछाने का काम शुरू कर दिया है।
इस कार्य के पूरा होने से बरसात के मौसम में लगने वाले लंबे जाम और सड़क हादसों से राहत मिलने की उम्मीद है। विगत वर्षों में इस अंतरराष्ट्रीय मार्ग की स्थिति काफी खराब हो गई थी, जिससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।
पिछले वर्ष दुधवा से डिगनिया तिराहे तक करीब 19 किलोमीटर सिंगल सड़क का निर्माण कराया गया था। हालांकि, इसके बाद करीब 10 किलोमीटर हिस्से में सड़क के किनारे कच्चे ही छोड़ दिए गए थे, जिससे बरसात में स्थिति और खराब हो जाती थी।
लोक निर्माण विभाग के अनुसार, अब पलिया से डिगनिया तक सड़क किनारों पर इंटरलॉकिंग और खड़ंजा बिछाने का कार्य शुरू करा दिया गया है। विभाग का प्रयास है कि मानसून से पहले यह कार्य पूरा कर लिया जाए, जिससे राहगीरों को सुरक्षित और सुगम आवागमन मिल सके।