निघासन। बबियारी से कठरियन पुरवा तक जर्जर सड़क की सूरत बदलने वाली है। लोक निर्माण विभाग खंड-एक एक किलोमीटर लंबे मार्ग का नए सिरे से निर्माण कराएगा। शासन ने इसके लिए 113.09 लाख रुपये मंजूर किए हैं।
बजट में रखरखाव के लिए 2.70 लाख रुपये भी शामिल हैं। फिलहाल टेंडर प्रक्रिया चल रही है। इसके पूरा होने के बाद निर्माण शुरू कराया जाएगा। सड़क बनने से बबियारी, कठरियन पुरवा, बैरिया, बाबागंज, डंडूरी, मुन्नालाल पुरवा, भवनिया पुरवा, सरपतहा, कठौहा और भैरमपुर समेत करीब 12 गांवों के लोगों को राहत मिलेगी। अभी जर्जर रास्ते के कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी होती है। सड़क बनने से किसानों को गन्ना केंद्र तक उपज पहुंचाने में भी सहूलियत मिलेगी।
बैरिया निवासी रूपचंद जायसवाल ने बताया कि सड़क बनने से ग्रामीणों को तहसील और जिला मुख्यालय पहुंचने में आसानी होगी। डंडूरी निवासी अब्दुल वहीद के मुताबिक, मार्ग के निर्माण से किसानों को भी आवागमन में राहत मिलेगी।लोक निर्माण विभाग सीडी-1 के अधिशासी अभियंता अनिल यादव ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य कराया जाएगा। संवाद