सुनवाई न होने पर सीएम योगी के दरबार में जाने की दी चेतावनी
सदर विधायक और लिलौटीनाथ मंदिर के महंत के बीच हुए विवाद का मामला
लखीमपुर खीरी। बृहस्पतिवार को लिलौटीनाथ मंदिर परिसर में सदर विधायक योगेश वर्मा और मंदिर के महंत के बीच हुआ विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। 24 घंटे से ज्यादा बीतने के बाद भी विधायक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई है। अब मंदिर कमेटी से जुड़े सभी महंत शनिवार को डीएम-एसपी से मिलेंगे। समस्या का निराकरण न होने पर सीएम योगी के दरबार में जाएंगे।
महंत रोहित गिरि का कहना है कि पुलिस को लिखित तहरीर और अन्य साक्ष्य उपलब्ध कराने के बावजूद पुलिस प्रशासन ने विधायक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है, जिससे वाहन स्टैंड संचालक व मंदिर के अन्य महंतों में आक्रोश है।
महंतों का कहना है कि सदर विधायक योगेश वर्मा ने वाहन स्टैंड संचालक प्रमोद भार्गव से मारपीट की है, जिसकी लिखित तहरीर और अन्य साक्ष्य हैं। ऐसे में विधायक के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज होना चाहिये। मामले में महंतों ने जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
महंत रोहित गिरि का कहना है कि शनिवार को मंदिर के सभी महंत डीएम और एसपी से विधायक पर कार्रवाई को लेकर मुलाकात करेंगे। अगर कोई निराकरण न हुआ तो वह सीएम योगी के समक्ष पेश होकर न्याय की गुहार लगाएंगे। इसके लिए सीएम योगी से मिलने का समय लिया जा रहा है। तमाम संतगण उनका विषय सीएम योगी के समक्ष रख रहे हैं।
उधर, विधायक से जुड़ा मसला होने की वजह से पुलिस अभी अपना होमवर्क करने में जुटी है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक उच्चाधिकारियों से उन्हें पहले वास्तविक स्थिति पता करने के निर्देश मिले हैं, जिसके बाद मामले में जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।