2013 में धारदार हथियार से कर दी गई थी ग्राम बबुरी मुड़ा के कृपाशंकर चौहान की हत्या
ग्रामीणों ने मौके पर ही मुनीम अल्लाह को खून से सनी कुल्हाड़ी के साथ धर दबोचा था
लखीमपुर खीरी। धारदार हथियार से काटकर ग्रामीण की हत्या करने के मामले में एडीजे सुनील कुमार वर्मा ने नौ साल पुराने मामले में हत्या आरोपी को उम्रकैद की सजा सुनाई है। साथ ही उस पर दस हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।
अभियोजन पक्ष रखते हुए एडीजीसी सुनील सिंह तोमर ने बताया कि निघासन थाना क्षेत्र के ग्राम बबुरी मुड़ा बुजुर्ग निवासी कृपाशंकर चौहान 16 जून 2013 को गांव सुतिया से बबुरी गांव के लिए आ रहे थे, तभी सुबह 6:00 बजे गांव महाराज नगर के मुनीम मल्लाह ने कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला करते हुए कृपाशंकर उर्फ उमा को मारपीट कर मौके पर ही मौत के घाट उतार दिया था।
गांव वालों ने मौके पर ही दौड़ाकर मुनीम अल्लाह को खून से सनी छोटी कुल्हाड़ी के साथ पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया था। मृतक के लड़के यशवंत चौहान ने निघासन थाने में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अदालती सुनवाई के दौरान मृतक के पुत्र यशवंत चौहान सहित 10 गवाहों को अभियोजन की ओर से पेश किया गया था, जिसमें तीन गवाह पुलिस को दिए अपने बयानों से मुकर गए थे। अदालत ने गंभीरता से सुनवाई के बाद हत्यारोपी मुनीम मल्लाह को उम्रकैद की सजा सुनाई है, साथ ही उस पर 10000 रुपये का जुर्माना लगाया है।
मनचलों को साढ़े तीन साल की कैद
लखीमपुर खीरी। घर में घुसकर किशोरी से छेड़खानी के सात साल पुराने मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने दोनों आरोपियों को साढ़े तीन साल की कैद की सजा सुनाई है।
विशेष लोक अभियोजक बृजेश पांडे ने बताया कि मोहम्मदी थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली महिला ने 28 फरवरी 2015 को घर में घुसकर उसकी नाबालिग बेटी से छेड़खानी करने की शिकायत दर्ज कराई थी। मोहम्मदी पुलिस ने जांच के बाद मोहनपुर गांव निवासी सुखविंदर और प्रेमचंद्र का चालान किया था।
अदालती सुनवाई में पीड़िता और उसकी माता ने घटना का समर्थन करते हुए बताया कि 28 फरवरी 2015 को जब वह खाना बना रही थी, तभी दोनों आरोपी जबरिया घर में घुस आए और उसे बुरी नीयत से दबोच कर छेड़खानी की। अदालत ने शुक्रवार को फैसला सुनाते हुए दोनों आरोपियों को पॉक्सो एक्ट और छेड़खानी के मामले में दोषी साबित पाते हुए साढ़े तीन वर्ष के कारावास की सजा सुनाई है, साथ ही दोनों पर चार-चार हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। संवाद