पलियाकलां। पलिया चीनी मिल में ठेका सफाई कर्मचारी के रूप में तैनात सर्वेश कुमार की संदिग्ध हालात में बृहस्पतिवार को हुई मौत के मामले में देर रात चीनी मिल के अधिकारियों व पुलिस की मौजूदगी में लिखापढ़ी कर मुआवजा व नौकरी दिलाने के आश्वासन पर परिजन माने और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जाने दिया।
पलिया के सरखना पश्चिम गांव निवासी नंदलाल के पुत्र सर्वेश कुमार (47) की बृहस्पतिवार को कार्य के दौरान ही अचानक हालत खराब हो गई। इसके बाद डाॅक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने करंट लगने से सर्वेश की मौत होने की बात कही। देर शाम पुलिस शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की तैयारी कर रही थी, लेकिन परिजनों ने पोस्टमॉर्टम कराए जाने से मना कर मुआवजा देने की मांग शुरू कर दी।
रात करीब नौ बजे तक चीनी मिल के अधिकारियों, परिजनों व पुलिस की मौजूदगी में वार्ता होती रही और आखिर में चीनी मिल ने लेटर पैड पर पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में दुर्घटना निकलने पर 12 लाख रुपये मुआवजा व एक व्यक्ति को नौकरी देने का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन माने। शुक्रवार को दोपहर बाद तक शव पोस्टमॉर्टम होने के बाद नहीं पहुंच सका था। मामला निपटाने को लेकर एसडीएम न्यायिक आरती यादव, तहसीलदार ज्योति वर्मा, सीओ यादवेंद्र यादव, थानाध्यक्ष पंकज त्रिपाठी समेत अन्य लोग लगे रहे।