प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्य पदों के लिए रविवार की रात आरक्षण की अनंतिम सूची जारी कर दी गई। जिले भर के ब्लाकों और विकास भवन में आरक्षण सूची चस्पा की गई। जिसे देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी। सूची देखने के बाद मनमाफिक आरक्षण न होने की वजह से तमाम संभावित उम्मीदवारों के चेहरे लटक गए, वहीं आरक्षण सूची से कई के चेहरे खिल गए। अनंतिम आरक्षण सूची को लेकर रविवार की रात से ही लोगों में उत्सुकता थी। विकास भवन में सूची के चस्पा होने के बाद आधी रात से ही लोगों की भीड़ लगी रही। इसी तरह जिले के सभी ब्लाकों में प्रस्तावित आरक्षण की जानकारी के लिए लोगों का तांता लगा रहा। वहीं दूसरी ओर आरक्षण सूची पर आपत्ति दाखिल करने के लिए तमाम लोग डीपीआरओ कार्यालय पहुंचे। सोमवार और मंगलवार तक प्रस्तावित सूची पर आपत्तियां लेने के बाद नौ सितंबर से 11 सितंबर तक इन आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा।