खमरिया। लगातार बारिश ने खमरिया कस्बे की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। रविवार को तेज बारिश के बाद मुख्य बाजार समेत कई संपर्क मार्गों पर घुटनों तक पानी भर गया और सड़कें तालाब जैसी नजर आने लगीं। जलभराव से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी हुई, जबकि चार पहिया वाहनों के गुजरने से उठी लहरों का पानी दुकानों तक पहुंच गया।
दोपहिया वाहन चालक पानी से भरी सड़कों पर संभलकर निकलते रहे। कई स्थानों पर लोगों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा। दुकानों तक पानी पहुंचने से दुकानदारों को भी परेशानी हुई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष बरसात में बाजार की यही स्थिति होती है। नालियों की नियमित सफाई और समुचित जल निकासी नहीं होने से बारिश का पानी घंटों सड़कों पर जमा रहता है। इससे व्यापार प्रभावित होने के साथ दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।