सिकंद्राबाद-लखीमपुर हाईवे पर बुधवार को हुई थी घटना
सिकंद्राबाद। थाना नीमगांव क्षेत्र के सिकंद्राबाद-लखीमपुर हाईवे पर बुधवार को कार सवार व्यापारी ने बाइक सवार बदमाशों पर लाखों की लूट का आरोप लगाया है। उधर, सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले को फर्जी बताया है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है।
लखीमपुर शहर के काशीनगर निवासी राकेश अग्रवाल ने बताया कि बुधवार सुबह वह किराए की कार से दिल्ली जा रहे थे, जहां उन्हें एक व्यापारी को चार लाख रुपये का भुगतान करना था। आरोप है कि बुधवार सुबह करीब साढ़े सात बजे सिकंदराबाद लखीमपुर हाईवे पर कासिमपुर गांव के पास दो बाइकों पर सवार चार लोगों ने कार के सामने बाइक खड़ी कर कार रोकी और असलहा लगाकर चाबी निकाल ली। इसके बाद गत्ते में रखे करीब चार लाख रुपये और मोबाइल लूट ले गए।
पीड़ित के भाई ने यूपी 112 को सूचना दी, सूचना मिलते ही पीआरवी 2879 मौके पर पहुंची और नीमगांव पुलिस को जानकारी दी। प्रभारी एसओ करुणा शंकर मिश्रा पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और जानकारी लेकर चालक को हिरासत में ले लिया।
देर रात तक पीड़ित ने कोई तहरीर नहीं दी है। प्रथम दृष्टया घटना फर्जी प्रतीत हो रही है। मामला मारपीट का है। सर्विलांस टीम को लगाया गया है। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। शीघ्र ही घटना का खुलासा होगा।
- अभय प्रताप मल्ल, सीओ मितौली