श्री गुरुगोविंद सिंह जी महाराज राजकीय महाविद्यालय में दूसरे जनपद से इंटर कर प्रवेश पाने के इच्छुक छात्र छात्राओं के लिए बुरी खबर है। महाविद्यालय प्रबंधन मेरिट लिस्ट में उनके इंटर मीडियट अंकों में दस प्रतिशत की कटौती करेगा। यह फैसला एसडीएम के साथ हुई महाविद्यालय प्रबंधन की बैठक में किया गया। इसके साथ ही प्रवेश को लेकर अन्य बिंदुओं पर भी चर्चा हुई।
एसडीएम शादाब असलम बुधवार को राजकीय महाविद्यालय पहुंचे और उन्होंने यहां प्रवेश में मेरिट लिस्ट में गैर जनपद के पास आउट प्रवेशार्थियों पर चर्चा की। बता दें कि गैर जनपद के प्रवेशार्थियों के अंक काफी ज्यादा है जिससे उनका प्रतिशत अच्छा होता है। इसके चलते स्थानीय कॉलेजों से इंटर करने वाले राजकीय महाविद्यालय में प्रवेश पाने से वंचित रह जाते हैं। इसको लेकर राजकीय महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. आरआर राजपूत से उनकी वार्ता हुई। जिसमें तय किया गया कि गैर जनपद से इंटर कर आए प्रवेशार्थियों के मेरिट में दस प्रतिशत अंक की कटौती की जाएगी। बैठक में राजकीय महाविद्यालय के अन्य प्राचार्य भी शामिल रहे।
प्रवेश पाने के इच्छुक छात्र छात्राओं के लिए एक और मौका
राजकीय महाविद्यालय में प्रवेश पाने के इच्छुक छात्र छात्राओं के लिए एक और मौका दिया गया है। शनिवार के दिन जिला सहकारी बैंक में बीए प्रथम वर्ष के प्रवेश फार्मों की बिक्री होगी और सोमवार को इसे भरकर जमा करना होगा। इसके बाद ही मेरिट तैयार की जाएगी। बता दें कि प्रवेश फार्मों का वितरण बंद हो गया था जिसके चलते तमाम छात्र छात्राएं प्रवेश पाने से वंचित हो रहे थे और उन्होंने एसडीएम समेत महाविद्यालय प्रबंधन से प्रवेश फार्म वितरण की तारीख बढ़ाए जाने की मांग की थी। इसी मांग को देखते हुए यह फैसला किया गया है।
प्रवेश के लिए इच्छुक छात्र छात्राओं में खुशी की लहर
प्रवेश फार्म शनिवार को फिर से बांटे जाने की खबर से उन छात्र छात्राओं में खुशी की लहर दौड़ गई है जो प्रवेश तो लेना चाह रहे थे लेकिन फार्मों का वितरण बंद होने से उन्हें मायूसी का शिकार होना पड़ा था। उन्होंने इसके लिए एसडीएम और महाविद्यालय प्रबंधन का आभार व्यक्त किया है।