लखीमपुर खीरी। मुख्य बाजार के पानी निकास नाले से अतिक्रमण हटाने को दी गई तीन दिन की समय अवधि सोमवार को पूरी हो गई। खपरैल ओर अन्य स्थानों पर कुछ दुकानदारों ने ही अतिक्रमण हटाया है। अन्य दुकानदारों पर पालिका की ओर से जारी नोटिस और अल्टीमेटम का असर नहीं पड़ा। अब नगरपालिका मंगलवार से अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू करेगी। इस संबंध में एनाउंस भी कराया गया है।
बता दें कि बुधवार को हुई बारिश में शहर की खपरैल बाजार, जवाहर बाजार, सराफा बाजार और अन्य स्थानों पर पानी भर गया था। शहर की प्रमुख सड़कें भी जलमग्न हो गईं थीं।
नगरपालिका ने आर्यकन्या चौराहे पर खुदाई कराकर जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराई थी। खुदाई में मुख्य बाजार का नाला अवरुद्ध मिला था। इस नाले पर लोगों ने पक्का निर्माण कर अतिक्रमण कर रखा है। नाले को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए नगरपालिका ने मुख्य बाजार में कई स्थानों पर नोटिस चस्पा कर तीन दिन में अतिक्रमण हटाने को कहा था। कुछ दुकानदारों ने ही पालिका की नोटिस को तवज्जो दी। संवाद