प्राविधिक शिक्षा विभाग ने परीक्षा प्रणाली में किया बदलाव
सेमेस्टर के अनुसार होगी पॉलीटेक्निक परीक्षा
प्राविधिक शिक्षा विभाग ने पॉलीटेक्निक परीक्षा के प्रश्नपत्रों में बदलाव कर दिया है और इस सत्र से सेमेस्टर प्रणाली भी लागू कर दी है। पॉलीटेक्निक के प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा दिसंबर में होगी।
राजकीय पॉलीटेक्निक के प्रधानाचार्य सुरेंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि प्राविधिक शिक्षा विभाग ने प्रश्नपत्रों में बदलाव कर दिया है, जिसकी जानकारी प्रमुख सचिव मोनिका गर्ग ने दी है। प्रधानाचार्य ने बताया कि पॉलीटेक्निक की परीक्षा पहले अप्रैल माह में ही होती थी, लेकिन अब यह सेमेस्टर अनुसार होगी, जिसमें एप्लाइड मैथ, केमेस्ट्री और फिजिक्स तथा प्रोफेशनल एवं फाउंडेशन कम्यूनिकेशन विषयों के कुल पांच प्रश्नपत्र होंगे। उन्होंने बताया कि प्रश्न नंबर एक से 12 तक अतिलघुत्तरीय होंगे, जिसमें दस प्रश्न करने अनिवार्य होंगे और प्रत्येक प्रश्न एक नंबर का होगा। प्रश्न नंबर दो लघुत्तरीय होगा, जिसमें सात प्रश्न होंगे, इसमें से पांच प्रश्न करने होंगे और प्रत्येक प्रश्न दो नंबर का होगा। वहीं प्रश्न संख्या तीन, चार और पांच दीर्घत्तरीय होंगे और हर प्रश्न में तीन खंड होंगे, जिनमें से दो खंड करने अनिवार्य होंगे और प्रत्येक प्रश्न पांच नंबर का होगा। प्रधानाचार्य सुरेंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि यदि कोई छात्र आने वाले प्रश्नपत्रों का मॉडल की जानकारी करना चाहता है तो वह परिषद की वेबसाइट बीटीईयूपीडॉटएसीडॉटइन पर जाकर प्रश्नपत्र का मॉडल देख सकता है, क्योंकि दिसंबर माह में होने वाली परीक्षा में प्रश्नपत्र इन्हीं मॉडल पर आधारित होंगे।