निघासन। कोतवाली क्षेत्र के जुम्मनपुरवा गांव निवासी तकदीरा (70) पत्नी सत्तार का क्षत-विक्षत शव नदी किनारे झाड़ियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मानसिक रूप से अस्वस्थ बताई जा रही तकदीरा करीब दस दिन से लापता थीं।
परिजनों के अनुसार, तकदीरा बीते सोमवार को घर से निकल गई थीं और इसके बाद नहीं लौटीं। काफी तलाश के बावजूद उनका कोई पता नहीं चल सका।
सोमवार को गांव से करीब 15 किलोमीटर दूर नदी किनारे झाड़ियों के पास बदबू आने पर ग्रामीणों ने आसपास तलाश की। इस दौरान रेत के ढेर के पास झाड़ियों में एक वृद्धा का क्षत-विक्षत शव पड़ा मिला। पहचान होने पर पता चला कि शव तकदीरा का है।
सूचना मिलने पर सीओ शिवम कुमार और प्रभारी कोतवाल दिनेश कुमार तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ करने के बाद पंचनामा भरकर शव उन्हें सौंप दिया।
अपराध निरीक्षक दिनेश तिवारी ने बताया कि परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। मामले की जांच की जा रही है।