प्रदर्शनी का अवलोकन करते निर्णायक मंडल के सदस्य- स्रोत स्वयं
लखीमपुर खीरी। स्थानीय पालिटेक्निक में आयोजित हुए जनपद स्तरीय नव प्रवर्तन प्रदर्शनी में किसी ने हाथ वाली मिक्सी तो किसी ने ट्रैक्टर की क्षमता को बढ़ाने वाले माॅडल बनाए। निर्णायक मंडल के पदाधिकारियों ने माॅडल को देखकर पहला, दूसरा व तीसरा सहित सांत्वना पुरस्कार देकर प्रतिभागियों की हौसला अफजाई की।
प्रदर्शनी में पहला पुरस्कार पाने वाले प्रतिभागियों में पहला स्थान बृजमोहन को मिला। बृजमोहन ने ट्रैक्टर की लंबाई और क्षमता बढ़ाने वाला मॉडल पेश किया। निर्णायकों ने इस माॅडल की सराहना करते हुए पहला स्थान दिया। वहीं दूसरा स्थान पाने वाले चेतन ने एक ऐसा माॅडल बनाया जो धरातल पर आने के बाद किसानों के लाखों रुपये की बचत कर सकेगा। उन्होंने एक सस्ते देसी बैगास ड्रायर का माॅडल तैयार किया, जो नजीर साबित हुआ।
चेतन ने बताया कि बैगास सुखाने वाला ड्रायर करीब 15 लाख रुपये का पड़ता है। इसमें मात्र ढाई लाख रुपये का खर्चा आया है। तीसरे स्थान पर प्रेमचंद्र रहे। इन्होंने बिना ईंधन से चलने वाले उपकरणों के मॉडल पेश किए। मॉडलों में हाथ से चलने वाली मिक्सी, बिना सेल या चार्जिंग वाली टार्च जैसे तमाम मॉडल बनाए, जिनकी सराहना की गई।
सांत्वना पुरस्कार से सतीश चंद्र, रमन, अनुराग अग्रवाल, स्वस्तिक त्रिपाठी व प्रेमवती राणा को नावाजा गया। इन्हें क्रमशः 8000, 5000, 3000 व 2000 नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस मौके पर जिला समन्वयक सुनील कुमार मिश्रा, डीआईओएस डॉक्टर महेंद्र प्रताप सिंह, बीबी सिंह प्राचार्य राजकीय आईटीआई मौजूद रहे।