संपूर्णानगर (खीरी)। गाजियाबाद में एटीएम वैन लूटने के बाद नेपाल भागकर माैज कर रहे दो इनामी बदमाशों को आखिरकार नेपाल बॉर्डर पर पुलिस ने दबोच लिया। दोनों आरोपी बकरीद मनाने के लिए घर लौट रहे थे, तभी सीमा पर चल रही सघन चेकिंग में पकड़े गए।
पुलिस के मुताबिक, छह मई को गाजियाबाद के थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र में हाईवे पर एटीएम वैन लूट की बड़ी वारदात हुई थी। इस मामले में भागे चल रहे दो मुख्य आरोपियों सुहैब और फिरोज पर गाजियाबाद पुलिस ने एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए दोनों नेपाल भाग गए थे।
थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी नेपाल से वापस भारत आने वाले हैं। इसके बाद खजुरिया चौकी के गोविंद नगर चौराहे पर सघन चेकिंग अभियान शुरू किया गया। इसी दौरान नेपाल की ओर से पैदल आते दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। शक होने पर पुलिस टीम ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम सुहैब और फिरोज निवासी विजयनगर, गाजियाबाद बताए। पुलिस के अनुसार, दोनों ने एटीएम वैन लूट में शामिल होने की बात स्वीकार की है। आरोपियों ने बताया कि नेपाल में उन्होंने लूट के पैसों से मौज-मस्ती की और बचे हुए रुपयों के साथ बकरीद मनाने घर लौट रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो अवैध देसी तमंचे, पांच कारतूस, 1,02,400 रुपये नकद और नेपाल से खरीदा गया मोबाइल फोन बरामद किया है। दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।