आईटीआई कॉलेज में आयोजित रोजगार मेले में साक्षात्कार के लिए मौजूद युवक। संवाद
लखीमपुर खीरी। राजापुर स्थित आईटीआई में सोमवार को आयोजित हुए रोजगार मेले में न के बराबर अभ्यर्थी पहुंचे। कैंपस भरा दिखाई दे, इसके लिए आईटीआई के छात्रों को सीटों पर बिठा दिया गया है। वहीं, मेले में हिस्सा लेने वाली कंपनियों के प्रतिनिधि लोगों का इंतजार करते रहे। उनका कहना था कि दोपहर के बाद से बच्चे पहुंचने शुरू होंगे।
हाल ही में 14 जुलाई को आईटीआई में रोजगार मेले का आयोजन किया गया था। एक सप्ताह बाद भी 21 जुलाई को दोबारा मेला आयोजित कर युवकों को बुलाया गया। रोजगार मेले की पड़ताल करने के लिए टीम सुबह 11:47 बजे के आईटीआई पहुंची, जहां पर काॅलेज में प्रवेश लेने वाले बच्चे दिखाई दे रहे थे।
कैंपस में अंदर जहां पर कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद थे, वहां पर सन्नाटा था। एकाध युवक रोजगार की तलाश करते हुए आईटीआई पहुंचे। बाकी ज्यादातर छात्र आईटीआई की ड्रेस में बैठे हुए थे। एक छात्र ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि हम लोगों को यहां पर बिठाया गया है।
-
50 में से 15 का चयन
देर शाम आईटीआई की ओर जारी हुए प्रेस नोट में 15 लोगों को रोजगार देने की बात कही गई है। आईटीआई के विनोद कुमार ने बताया कि रोजगार मेले में आने वाली कंपनियों में काम करने के लिए 50 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान हुए साक्षात्कार के बाद 15 युवा चयनित किए गए। इन युवाओं को 10 हजार से अधिक वेतन पर रखा गया है। इसमें यस कंस्ट्रक्शन कंपनी, टाटा गाडसन एवं इंटीरियर माइक्रो सिस्टम आदि कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।