लखीमपुर खीरी जिले में बाढ़ पीड़ितों की मुद्दा संसद में गूंजा। खीरी सांसद उत्कर्ष वर्मा ने जिले की बाढ़ विभीषिका का मुद्दा उठाया। कहा कि उनकी लोकसभा की पांचों विधानसभा के ब्लॉक फूलबेहड़, नकहा, निघासन, पलिया व रमियाबेहड़ बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित हैं। उन्होंने अवैध खनन की वजह से नदी की धारा मुड़ने की बात भी कही। वहीं, धौरहरा से सपा सांसद आनंद भदौरिया ने बिजली कटौती और बाढ़ के मुद्दे को उठाया। उन्होंने सरकार के वादों पर भी सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि ऊर्जा मंत्री ने उत्तर प्रदेश को 24 घंटे बिजली देने की घोषणा की थी। धौरहरा क्षेत्र में चार घंटे भी बिजली नहीं मिल रही है। हर साल नेपाल की नदियों से खीरी में बाढ़ आती है। सबसे ज्यादा नुकसान धौरहरा, खीरी, लोकसभा में होता है। बाढ़ कटान में हजारों परिवार बेघर हो जाते हैं। सरकार को चाहिए कि वह नेपाल सरकार के साथ मिलकर रणनीति बनाए ताकि धौरहरा सहित क्षेत्र को बाढ़ कटान से मुक्ति मिल सके।
डीजल बजट में कटौती से परेशानी
ऊर्जा मंत्री ने 16 जून को उत्तर प्रदेश को 24 घंटे बिजली देने की घोषणा की। साथ ही सीएचसी और पीएचसी सहित सरकारी अस्पतालों में मिलने वाला डीजल बजट कटौती कर दी। अब बिजली न मिलने से मरीजों व तीमारदारों के साथ डॉक्टरों को भी परेशानी हो रही है। धौरहरा सीएचसी में तैनात डॉ मनोज वर्मा ने बताया बिजली कटौती से मरीजों को सबसे ज्यादा दिक्कतें आती हैं।