लखीमपुर खीरी। प्रसव के दौरान बच्चे की मौत के मामले में बिजुआ सीएचसी के गांव गौरिया निवासी नगीना देवी पत्नी रामनरेश ने महेवागंज के एक अस्पताल प्रबंधन पर जबरन अंगूठा लगवाकर समझौता कराने का आरोप लगाया है।
नगीना देवी के अनुसार 17 जुलाई को उनकी बहू सीमा पत्नी उत्तम का प्रसव महेवागंज स्थित एक अस्पताल में हुआ था। आपरेशन के दौरान शिशु की मौत हो गई जबकि हालत गंभीर होने पर बहू सीमा को पहले लखनऊ और फिर बलरामपुर अस्पताल ले जाया गया। वहां पर उसकी मौत हो गई। इसके बाद बहू के भाई पंकज, पिता जगदंबा प्रसाद सहित सियाराम, एवं सास चंद्रपती निवासी निहालपुरवा ने उन्हें और बेटे उत्तम को अस्पताल बुलाया। वहां अस्तपताल प्रबंधन ने डरा धमकाकर सुलह के लिए एक कागज पर उनसे अंगूठा लगवा लिया। पीड़ित नगीना ने सीएमओ को शिकायती पत्र देकर डॉक्टर व अस्पताल संचालक पर कार्रवाई करने की मांग की है।