43 हाथियों का झुंड फिर
देवीपुर के जंगल में लौटा
- मोहम्मदी रेंज के सहजनिया जंगल में पिछले दो माह से डेरा डाले हैं हाथी
संवाद न्यूज एजेंसी
ममरी। मोहम्मदी रेंज के सहजनिया जंगल में दो महीने से डेरा डाले 43 हाथियों का झुंड फिर देवीपुर जंगल में लौट आया है। इससे किसानों में हाहाकार मचा हुआ है।
डिप्टी रेंजर राम नरेश वर्मा, फॉरेस्टर जगदीश वर्मा ने बताया कि पिछली रात हाथी सहजनिया जंगल से महेशपुर जंगल में जा पहुंचे थे। वहां उन्हें जब गन्ना खाने को नहीं मिला तो देवीपुर के जंगल में लौट आए हैं। बताया कि हाथी उसी स्थान पर ठहरते हैं जहां उन्हें भरपेट गन्ना खाने को मिलता है।
देवीपुर जंगल के आसपास गन्ना बहुल क्षेत्र है। जहां उन्हें भरपूर भोजन मिल रहा है। इसलिए हाथियों के उत्पात से गन्ना किसानों में हाहाकार है। इनके सामने वन कर्मियों की टीम लाचार साबित हो रहीं हैं, जो ग्रामीणों को हाथियों के करीब ना जाने सतर्क रहने की सलाह दे रहे हैं।
उधर, किसानों का कहना है कि हाथियों ने इस बार उन्हें बर्बाद कर दिया है, जो दो महीने बीतने के बाद भी वापस जाने का नाम नहीं ले रहे हैं।