शुक्रवार शाम हुई बारिश में कुछ ऐसे निकले लोग। संवाद
लखीमपुर खीरी। भीषण गर्मी ने एक बार फिर लोगों को सताना शुरू कर दिया है। चिलचलाती धूप की वजह से लोगों का दोपहर में घर से निकलना मुश्किल हो रहा है। तेज धूप व उसम से लोगों का जीना मुहाल है। हालांकि, शाम को हुई बारिश से लोगों को कुछ राहत मिली है। वहीं, मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए जिले में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
शुक्रवार को भीषण गर्मी ने प्रकोप दिखाया तो 24 घंटे के अंदर अधिकतम पारा चारा डिग्री उछलकर 36 डिग्री पहुंच गया। न्यूनतम पारा 29 डिग्री दर्ज किया गया। सुबह से ही तेज धूप और उमस ने लोगों को सताना शुरू कर दिया। दिन चढ़ने के साथ ही गर्मी और उमस बढ़ी तो लोग कुछ ही देर में पसीना-पसीना हो गए। तीन बजे के बाद बादलों की आवाजाही शुरू हुई तो लोगों को बारिश का अंदेशा हुआ।
शाम पांच बजे के बाद मौसम ने करवट बदली तो एक करीब एक घंटे तक झमाझम बारिश हुई। बारिश होने से लोगों ने राहत की सांस ली। भीषण गर्मी से त्रस्त हो चुके लोग घरों के बाहर बारिश में भीगकर आनंद लेते नजर आए। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, शनिवार से अगले तीन दिन दिनों तक गरज के साथ बारिश व तेज हवा चलने के आसार हैं।