दुधवा में सैलानियों की जिप्सी के आगे चलता भालू। स्रोत: सोशल मीडिया
पलियाकलां। दुधवा के जंगल में शनिवार को सैलानियों को रोमांच से भर देने वाले नजारे देखने को मिले। सफारी के दौरान अचानक सामने आए भालू और वाटर होल के पास नजर आए टाइगर को देखकर सैलानियों की सांसें थम गईं। जिप्सियां रुक गईं और कैमरे ऑन हो गए।
सुबह की शिफ्ट में दुधवा रेंज से सफारी कर लौट रहे सैलानियों के सामने अचानक एक बड़ा भालू आ गया। भीषण गर्मी के चलते वह पानी की तलाश में वाटर होल की ओर बढ़ रहा था। सैलानी जिप्सियों में शांत होकर उसकी गतिविधियां देखते रहे। कुछ देर बाद भालू सड़क किनारे बने वाटर होल तक पहुंच गया। इस दौरान सैलानियों ने इस रोमांचक पल को कैमरों में कैद कर लिया।
रोमांच का सिलसिला यहीं नहीं रुका। किशनपुर रेंज में पुणे से आए सैलानियों के दल को एक टाइगर वाटर होल के ठंडे पानी के पास नजर आया। गर्मी से राहत पाने के लिए टाइगर पानी के आसपास टहलता दिखा। आहट मिलने पर वह सतर्क हो गया और कुछ देर तक वाटर होल के किनारे चहलकदमी करता रहा।
पार्क प्रशासन और गाइडों का कहना है कि बढ़ती गर्मी के साथ वन्यजीवों की वाटर होल्स पर आवाजाही बढ़ रही है। ऐसे में दुधवा आने वाले सैलानियों को वन्यजीवों की साइटिंग के ज्यादा मौके मिल रहे हैं।