लखीमपुर खीरी। स्वयं सहायता समूह में रोजगार के लिए आने वाली धनराशि के दुरुपयोग होने का मामला सामने आया है। समूह की महिलाओं ने डीएम से शिकायत की है। महिलाओं ने समूह की सचिव, बीएमएम सहित कई लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
निघासन ब्लाॅक के दौलतापुर ग्राम पंचायत में संचालित सरस्वती प्रेरणा स्वयं सहायता समूह की अध्यक्ष सुखरानी, कोषाध्यक्ष माधुरी, सुभाषनी, मीरा, महेश कुमारी आदि ने शिकायत की, जिसमें बताया कि सचिव ने पिछले साल समूह में तीन लाख रुपये निजी कार्यों में खर्च कर लिए थे, जबकि वह धनराशि रोजगार करने के लिए थी।
खास बात यह कि इसके बारे में न तो समूह अध्यक्ष को पता है और न ही कोषाध्यक्ष को। बिना पदाधिकारियों के धनराशि कैसे निकल गई। अब समूह की खाते में दोबारा तीन लाख रुपये आए हैं।
आरोप है कि सचिव उस धनराशि से कार खरीदना चाह रही हैं। इसके लिए वे हस्ताक्षर कराने का दबाव बना रही हैं। महिलाओं ने कहा कि इस मामले की कई बार बीडीओ से शिकायत की गई, लेकिन उन्होंने ध्यान नहीं दिया। इसके बाद डीएम से शिकायत की है।
इधर, डीसी एनआरएम जितेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि अभी इस तरह की शिकायत नहीं मिली। अगर आती है, तो जांच कराई जाएगी, ताकि गड़बड़ी करने वालों पर कार्रवाई की जा सके।