- मार्ग दुर्घटना में मंगलवार को हो गई थी मौत
मंगलवार को नौगवां के पास पलिया निघासन स्टेट हाईवे पर बाइक की टक्कर से असमय काल के गाल समाए गुलरा के कोटेदार का शव पोस्टमार्टम के बाद घर पहुंचा तो कोहराम मच गया। मां, भाई, पत्नी और मासूम बच्चों का रो रोकर बुरा हाल हो रहा था। गमगीन माहौल में बुधवार को कोटेदार का अंतिम संस्कार किया गया।
गुलरा निवासी 40 वर्षीय छड़ीराम यादव को अभी पिछले माह ही नई ग्राम पंचायत गुलरा टांडा का कोटेदार बनाया गया था। राशन के उठान के लिए बाइक से पलिया रुपया जमा करने जा रहे थे। मंगलवार को स्टेट हाईवे पर बेलागांव निवासी प्रताप गिरी की बाइक से उनकी बाइक भिड़ गई थी। जिसमें उनकी मौके पर ही मौत हो गईं थी और प्रताप गंभीर रूप से जख्मी हो गया था। पोस्टमार्टम होने के बाद देर रात शव घर आया तो वहां कोहराम मच गया। बुधवार की सुबह कोटेदार का अंतिम संस्कार गमगीन माहौल में किया गया। अंतिम संस्कार में सपा नेता नरेश यादव, राजू चौरसिया, धर्मपाल चौधरी, प्रधानपति शहादत, पंचायत मित्र वीरेंद्र कुमार, डॉ. लल्लन मिश्रा, पूर्व प्रधानपति राधेश्याम भार्गव, कुतुबुद्दीन उस्मानी सहित सैकड़ों लोग शामिल हुए। कोटेदार छड़ीराम की पत्नी तारावती का रो-रोकर बुरा हाल है।