लखीमपुर खीरी। जालसाज ने गूगल पे का कोड पूछकर तीन बार में 90 हजार रुपये खाते से उड़ा लिए। पीड़ित ने घटना की तहरीर सदर कोतवाली पुलिस को दी है, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
थाना फरधान क्षेत्र के गांव बौठा निवासी सचिन पांडेय ने बताया कि उसका खाता भारतीय स्टेट बैंक मुख्य शाखा लखीमपुर में है। वह अपने खाते का संचालन गूगल पे एप से करता है। सात जुलाई की शाम 07:32 बजे वह अपने खाते से मोबाइल नंबर रिचार्ज करने का प्रयास कर रहा था। इसी बीच एक कॉल आई। कॉलर ने कहा कि वह गूगल कस्टमर केयर से बोल रहा है। आवाज न आने की बात कहकर कॉलर ने दूसरे नंबर से कॉल की और कोड पूछा। कोड बताते ही खाते से तीन बार में 90 हजार रुपये काट लिए। कॉलर के नंबर पर कॉल कर जब रुपये काटने की शिकायत की तो उसने सुबह नौ बजे तक रुपये खाते में आने की बात कही, लेकिन आज तक खाते में पैसा वापस नहीं आया। पीड़ित ने बताया उसने घटना की तहरीर सदर कोतवाली पुलिस और क्राइम ब्रांच में दी थी, लेकिन अब तक पुलिस ने उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। संवाद