त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में होने वाले चुनाव के लिए पहले दिन कड़ी सुरक्षा के बीच नामांकन पत्र दाखिल किए गए। मंगलवार को जिला पंचायत सदस्य पद पर 18 सीटों पर 226 प्रत्याशियों ने अपना नामांकन कराया। जिला पंचायत सदस्य पद के लिए कलक्ट्रेट में सीडीओ और प्रभारी अधिकारी (कार्मिक) नितीश कुमार ने प्रत्याशियों से नामांकन प्राप्त किए। जबकि लखीमपुर, नकहा, ईसानगर और धौरहरा में क्षेत्र पंचायत सदस्यों के नामांकन संबंधित ब्लाकों में नियुक्त रिटर्निंग अफसरों ने प्राप्त किए। इन ब्लाकों में क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के 1534 नामांकन हुए। बता दें कि दोनों पदों पर तीसरे चरण में इन ब्लाकों में 17 अक्तूबर को मतदान होना है। तीसरे चरण में पहले दिन नामांकन दाखिल करने वाले प्रमुख प्रत्याशियों में कुलदीप चौरसिया, अनिल यादव, डॉ. सिद्धार्थ वाजपेयी, अनिल वर्मा, वरुण कटियार, प्रदीप कुमार, महेश चंद कनौजिया समेत तमाम प्रत्याशी शामिल हैं। सभी प्रत्याशियों ने अपने पर्चे सादगी से दाखिल किए।
सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
जिला मुख्यालय पर नामांकन प्रक्रिया के तीसरे चरण में पहले दिन कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। कलक्ट्रेट गेट से नामांकन स्थल तक बैरीकेडिंग कर सिर्फ प्रत्याशी और उनके प्रस्तावकों को ही अंदर आने की अनुमति दी गई। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी खुद एसडीएम सदर आलोक वर्मा और सीओ सिटी एमपी सिंह कर रहे थे।
जिला पंचायत सदस्य पद के लिए नामांकन
लखीमपुर प्रथम..............16
लखीमपुर द्वितीय.............13
लखीमपुर तृतीय..............18
लखीमपुर चतुर्थ..............18
लखीमपुर पंचम..............20
लखीमपुर षष्टम...............20
नकहा प्रथम................21
नकहा द्वितीय...............18
नकहा तृतीय................11
नकहा चतुर्थ................16
ईसानगर प्रथम................08
ईसानगर द्वितीय...............05
ईसानगर तृतीय................06
ईसानगर चतुर्थ................13
ईसानगर पंचम................08
धौरहरा प्रथम..................06
धौरहरा द्वितीय.................03
धौरहरा तृतीय..................06
योग.............................226
बीडीसी के लिए ब्लाक वार नामांकन
ब्लाक दाखिल नामांकन
लखीमपुर................639
नकहा.....................461
ईसानगर...................202
धौरहरा.....................222
योग.........................1534
दूसरे चरण के 44 प्रत्याशियों के नामांकन वापस
दूसरे चरण में बिजुआ, बांकेगंज, फूलबेहड़ और कुंभी में होने वाले चुनाव से 44 प्रत्याशियों ने अपना नामांकन वापस ले लिया है। सबसे ज्यादा बिजुआ प्रथम से नौ प्रत्याशी मैदान से हटे है। बिजुआ द्वितीय से तीन, बिजुआ चतुर्थ से तीन, बिजुआ पंचम से तीन प्रत्याशियों ने नामांकन वापस ले लिया। वहीं फूलबेहड़ प्रथम से एक, द्वितीय से दो, तृतीय से दो, चतुर्थ से चार, बांकेगंज प्रथम से दो, द्वितीय से एक, तृतीय से एक, कुंभी द्वितीय, तृतीय और चतुर्थ से तीन-तीन प्रत्याशियों ने अपना नामांकन वापस ले लिया। इसी तरह बांकेगंज प्रथम से क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के 23, कुंभी से 56, बिजुआ से 51 और फूलबेहड़ से 45 प्रत्याशियों ने पर्चा वापस ले लिया।
चुनाव चिह्न आवंटित
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के लिए जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित कर दिया गया। मंगलवार को चुनाव चिह्न लेने के लिए सुबह से ही कलक्ट्रेट परिसर में प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की भीड़ जुटी रही। परियोजना निदेशक डॉ. दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रतीक चिह्नों में आरी, उगता सूरज, कप और प्लेट, कलम और दांत, कुल्हाड़ी, केतली, कैची, क्रेन, खजूर का पेड़, गमला, गिटार, घुड़सवार, चश्मा, छड़ी, छाता, झोपड़ी, टाइपटाइटर आदि शामिल है।