मैदान पर जोर आजमाइश करती कबड्डी की टीमें। संवाद
निघासन। जय हिंद कबड्डी कमेटी के तत्वावधान में आयोजित 22वें राज्य स्तरीय कबड्डी टूर्नामेंट के दूसरे दिन जूनियर और सीनियर वर्ग की कुल बीस टीमों ने रोमांचक मुकाबले खेले। खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन से दर्शकों का दिल जीत लिया। टूर्नामेंट के महामंत्री विपिन मौर्य ने बताया कि क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले सोमवार को खेले जाएंगे।
सीनियर वर्ग के पहले मुकाबले में गोपिया दबंग मिहीपुरवा ने स्टार स्पोर्ट्स बेगमपुरा बहराइच को 46-18 से मात दी। दूसरा मुकाबला लखनऊ एकेडमी और मिजागंज क्लब के बीच खेला गया। इसमें लखनऊ की टीम ने 24-16 से जीत दर्ज की। तीसरे मैच में गाजियाबाद क्लब ने स्टार स्पोर्ट्स एकेडमी बहराइच को 29-23 से हराया। चौथे मुकाबले में दिल्ली एकेडमी ने कड़े संघर्ष में हरियाणा एकेडमी को 27-25 से मात दी। नानपारा एकेडमी ने जय हिंद क्लब निघासन को 25-22 से हराया, जबकि बनारस एकेडमी ने गायत्री इंटर कॉलेज निघासन को 33-14 से पराजित किया। दिन के आखिरी मुकाबले में सोनीपत हरियाणा की टीम ने रिजा पब्लिक स्कूल को 36-22 से शिकस्त दी।
जूनियर वर्ग में भी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। पहले मुकाबले में गुरुकुल एकेडमी पलिया ने सरस्वती विद्या मंदिर को 17-8 से हराया। दूसरे मैच में गायत्री इंटर कॉलेज निघासन ने सरस्वती विद्या मंदिर को 25-10 से मात दी। तीसरे मुकाबले में गायत्री इंटर कॉलेज निघासन ने गुरुकुल एकेडमी पलिया को 30-19 से पराजित कर जीत हासिल की।